Dehradun: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति और तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस पूरी तरह एकजुट, जीत के लिए बनाएंगे माहौल’
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि उनका उत्तराखंड दौरा संगठन की चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए है। उन्होंने बताया कि उन्होंने राजनीतिक मामलों की समिति, विधायकों, पूर्व विधायकों और पार्टी नेताओं के साथ विस्तृत बैठकें की हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल करेगी। इसके लिए प्रदेश में बदलाव का माहौल तैयार किया जाएगा।
बेरोजगारी, पलायन और पेपर लीक होंगे प्रमुख चुनावी मुद्दे
वेणुगोपाल ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं के सामने बेरोजगारी सबसे बड़ी चुनौती है। लगातार हो रहे पेपर लीक और बढ़ते पलायन ने प्रदेश के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन जनसरोकारों को मजबूती से जनता के बीच लेकर जाएगी और राज्य के लिए एक व्यापक एवं जनहितकारी घोषणा पत्र भी तैयार करेगी
कुमारी शैलजा ने गुटबाजी से किया इनकार
प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है और सभी नेता मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है और कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में जुटी हुई है।
Kanwar Yatra2026: श्रद्धालुओं के लिए हरिद्वार पुलिस की अहम एडवाइजरी, जानिए क्या है प्रतिबंधित
मंदिरों में कथित चोरी और अंकिता भंडारी हत्याकांड का उठाया मुद्दा
कुमारी शैलजा ने अयोध्या मंदिर चढ़ावा प्रकरण और बद्रीनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी के मामलों की सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनता आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रही है और इन मामलों में पारदर्शी जांच आवश्यक है।
जल्द उत्तराखंड आएंगे कांग्रेस के शीर्ष नेता
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि आने वाले दिनों में पार्टी के शीर्ष राष्ट्रीय नेता भी उत्तराखंड का दौरा करेंगे और चुनावी अभियान को गति देंगे। उनका दावा है कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की राजनीति में मजबूत वापसी करेगी और जनता के मुद्दों को केंद्र में रखकर चुनाव लड़ेगी
