Haridwar: महिला से छेड़छाड़ पर बवाल, गुस्साई भीड़ ने हरियाणा के दो युवकों को पीटा

Haridwar: जनपद में बीती रात जमकर हंगामा हुआ, खड़खड़ी इलाके में हरियाणा से आए दो युवकों पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप लगा और पिटाई हुई

Haridwar: नगर कोतवाली क्षेत्र के खड़खड़ी इलाके में मंगलवार देर रात महिला से कथित छेड़छाड़ के आरोप को लेकर जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि हरियाणा से आए कुछ यात्रियों ने महिलाओं से अभद्रता की, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और दो युवकों की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

छेड़छाड़ के आरोप के बाद भड़की भीड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिलाओं के साथ कथित अभद्रता की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। देखते ही देखते भीड़ ने दो युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी। वायरल वीडियो में कई लोग युवकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ महिलाएं उनके खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप लगाती नजर आ रही हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया मामला शांत

घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।

कोतवाली प्रभारी ने क्या कहा?

नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि-

खड़खड़ी क्षेत्र में मारपीट की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही हैं ।सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-कुंदन सिंह राणा, कोतवाली प्रभारी, हरिद्वार नगर-