Dehradun में सनसनीखेज वारदात, जामुनवाला में कूड़े के ढेर पर मिला अज्ञात युवती का शव, चेहरे- गले पर गहरे घाव के निशान

Dehradun: राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला में बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जंगल के अंदर कूड़े के ढेर पर एक युवती का शव बरामद हुआ। शव को सीमेंट के कट्टों और पॉलिथिन के थैलों से ढककर छिपाने की कोशिश की गई थी।

स्थानीय लोगों ने जंगल में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में युवती के चेहरे और गले पर गहरे घाव पाए गए हैं।

 

शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या के बाद शव को जंगल में लाकर छिपाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।