Haldwani: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह संपन्न, राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने विद्यार्थियों को दी उपाधियां और पदक

Haldwani: उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का 11वाँ दीक्षांत समारोह बुधवार को संपन्न हुआ। समारोह में उत्तराखण्ड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए शिक्षार्थियों को उपाधियाँ एवं पदक प्रदान किए।

प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि के रूप में समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर प्रख्यात प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ तथा भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान की गई।

 

अपने दीक्षांत भाषण में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपाधि एवं पदक प्राप्त करने वाले सभी शिक्षार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन में नई जिम्मेदारियों की शुरुआत भी है। उन्होंने कहा कि शिक्षार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास के लिए करना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, विचार और व्यवहार को बेहतर बनाना भी है।

 

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुँचाने का सराहनीय कार्य किया है। विशेष रूप से पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों, महिलाओं, कामकाजी व्यक्तियों, सैनिकों तथा शिक्षा से वंचित वर्गों के लिए विश्वविद्यालय ने शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं।

 

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। इस संकल्प को पूरा करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने शिक्षार्थियों से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने और अपनी शिक्षा एवं प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का आह्वान किया।

 

राज्यपाल ने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की युवा शक्ति प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। पर्यटन, होमस्टे, जैविक कृषि, उद्यानिकी, योग, आयुर्वेद और स्थानीय उत्पादों के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। विश्वविद्यालयों को इन क्षेत्रों में शोध, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देना चाहिए, ताकि युवाओं को अपने गांव और प्रदेश में ही आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें तथा पलायन की चुनौती का समाधान हो सके।

 

उन्होंने हिमालय और पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए युवाओं से जल संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में एकता, सहयोग और समरसता की भावना को मजबूत करना आवश्यक है। इसके साथ ही बालिकाओं की शिक्षा, महिलाओं के कौशल विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को भी निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।