Ramnagar: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के फाँटो इको टूरिस्ट जोन में बाघ के हमले में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह मवेशी चराने गया था। मां और चचेरे भाई के सामने बाघ युवक को घसीटकर जंगल में ले गया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद शव बरामद हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
![]()
जानकारी के मुताबिक दिलशाद पुत्र मोहम्मद गुलाम मुस्तफा अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ घर से मवेशी चराने निकला था। इसी दौरान कॉर्बेट की एंटी पोचिंग चौकी के समीप बाघ ने उस पर हमला कर दिया और उसे घसीटकर जंगल में ले गया। मां और चचेरे भाई की आंखों के सामने हुई इस घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने करीब दो घंटे तक जंगल में शव कि तलाश की, जिसके बाद दिलशाद का शव बरामद हुआ। मृतक के मामा मोहम्मद याकूब ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बाघ सफारी वाली सड़क की तरफ से आया था। वहीं फाँटो रेंज अधिकारी कृपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना उत्तरी फाँटो बीट के कक्ष संख्या 43 की है। वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएफओ पुनीत तोमर के मुताबिक मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की कार्रवाई की जा रही है।
फाँटो के जंगल में हुई इस घटना ने एक बार फिर वन गुर्जर परिवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मवेशियों के सहारे गुजर-बसर करने वाले इन परिवारों के लिए जंगल ही उनकी रोजी-रोटी है और अब यही जंगल उनकी जिंदगी के लिए खतरा बनता जा रहा है।
