Chamoli: पुलिस मुख्यालय देहरादून हुआ स्थानांतरण, विदाई समारोह में भावुक हुए अधिकारी-कर्मचारी; DM गौरव कुमार ने स्मृति चिह्न भेंट कर दी शुभकामनाएं।

चमोली। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार का पुलिस मुख्यालय देहरादून स्थानांतरण होने पर चमोली पुलिस परिवार की ओर से पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए और भावुक होकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर आगामी कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सुरजीत सिंह पंवार ने 29 अक्टूबर 2025 को चमोली के पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाला था। अपने कार्यकाल में उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा के साथ पुलिस को आमजन के करीब लाने पर जोर दिया। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार उनकी कार्यशैली की प्रमुख पहचान रही।
आपदा के दौरान ग्राउंड जीरो पर संभाली कमान
उनके कार्यकाल में तमक नाला-मलारी आपदा और पीपलकोटी टीएचडीसी टनल हादसा बड़ी चुनौतियों के रूप में सामने आए। इन घटनाओं के दौरान एसपी स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ पुलिस टीम का नेतृत्व किया और प्रभावितों तक सहायता पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
मां नन्दा जात यात्रा और चारधाम यात्रा में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था
ऐतिहासिक मां नन्दा जात यात्रा के सुरक्षित एवं सफल संचालन में भी उनके नेतृत्व की अहम भूमिका रही। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए।
चारधाम यात्रा 2026 के दौरान भी चमोली पुलिस के सामने बड़ी चुनौती रही। इस वर्ष 23.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम और 3.90 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने हेमकुंड साहिब के दर्शन किए। दोनों धामों में कुल 27.40 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। भारी यातायात दबाव, विषम भौगोलिक परिस्थितियों और मौसम की चुनौतियों के बीच यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने प्रभावी व्यवस्थाएं कीं। फूलों की घाटी पहुंचने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
संवेदनशील विवाद और वीवीआईपी कार्यक्रमों का किया प्रबंधन
जून 2026 में हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान कर्णप्रयाग में निहंग श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई थी। इस दौरान एसपी ने संवाद, धैर्य और सूझबूझ के साथ हालात संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं गैरसैंण विधानसभा सत्रों और विभिन्न वीवीआईपी कार्यक्रमों में भी सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल के समन्वय का जिम्मा प्रभावी ढंग से निभाया।
नशे और साइबर अपराध के खिलाफ चलाए अभियान
एसपी के नेतृत्व में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ युवाओं को जागरूक करने के लिए स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाए गए। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति के तहत दूरस्थ क्षेत्रों तक पुलिस की पहुंच बनाई गई। साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता, ऑनलाइन ठगी के मामलों में कार्रवाई और पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के प्रयास भी किए गए। सीमांत गांवों में भी साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान संचालित किए गए।
विदाई समारोह में साझा कीं कार्यकाल की यादें
समारोह में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि सुरजीत सिंह पंवार ने कठिन परिस्थितियों में स्वयं आगे रहकर नेतृत्व किया और टीम के प्रत्येक सदस्य पर विश्वास जताया। उनके मार्गदर्शन में काम करने के दौरान कई ऐसे अनुभव मिले, जो भविष्य में भी प्रेरणा देते रहेंगे।
अपने संबोधन में सुरजीत सिंह पंवार ने चमोली पुलिस परिवार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि चमोली में बिताया गया समय उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। यहां के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हर चुनौती में पूरी निष्ठा, समर्पण और टीम भावना के साथ उनका साथ दिया। जनपद में मिली उपलब्धियां किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं।उन्होंने कहा कि चमोली हमेशा उनके हृदय में बसा रहेगा और यहां से जुड़ी यादें उनके लिए अनमोल रहेंगी। समारोह के अंत में पुलिस परिवार की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न क्षेत्र प्रतिनिधि, अधिवक्ता, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
