Chamoli: जनता मिलन में 24 शिकायतें पहुंचीं, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

Chamoli: जिला सभागार गोपेश्वर में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनता मिलन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 24 फरियादियों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष रखीं। उन्होने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन में देव नेगी ने सरपाणी ग्राम पंचायत में लो-वोल्टेज की समस्या उठाई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को नया प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्यवाही करते हुए समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

 

पंकज भंडारी ने रेल परियोजना से संबंधित मुआवजे की समस्या उठाई। इस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गये। साथ ही पर्यटन विभाग से होम स्टे के लिए अनुदान प्राप्त करने में आ रही समस्या पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी को नियमानुसार उचित अनुदान उपलब्ध कराने की कार्यवाही करने को कहा गया।

 

वी.एस. राणा ने शौचालय एवं सोकता से रिसाव की शिकायत रखी। इस पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गोपेश्वर को मौके पर कैमरा लगाकर रिसाव के स्रोत की जांच करने तथा समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं पिताम्बरी देवी की भवन निर्माण की अनुमति से संबंधित शिकायत पर उन्हें जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण में नियमानुसार आवेदन करने का सुझाव दिया गया।

 

महेशानंद देवराड़ी की आर्थिक सहायता से संबंधित शिकायत पर उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जयचंद ने पेयजल बिल में अनियमितता की शिकायत रखी, जिस पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान को जांच कर बिल संबंधी समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

 

इसी तरह बलवंत सिंह ने अपनी पत्नी का नाम परिवार रजिस्टर में दर्ज कराने की मांग रखी। इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही कर नाम दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।

 

इसके अतिरिक्त शांता देवी, बलवंत प्रसाद, पुष्पा किमोठी, जय चंद एवं सुमन सिंह सहित अन्य फरियादियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

 

इस दौरान उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं फरियादी उपस्थित रहे।