Chamoli Accident: जिले के थराली क्षेत्र में देवाल-वाण मोटरमार्ग पर शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक इको वाहन अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
Rudraprayag: तुंगनाथ-चंद्रशिला में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा, लखनऊ के युवक की मौत
400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा वाहन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ग्राम बांक (लोहाजंग) निवासी बलबीर सिंह अपने पारिवारिक सदस्य स्वर्गीय भजन सिंह का पार्थिव शरीर देहरादून से गांव ला रहे थे। वाहन में परिवार के अन्य सदस्य भी सवार थे।
पति-पत्नी, बेटे की मौत
दुर्घटना में बलबीर सिंह (52), उनकी पत्नी शांति देवी (48) और पुत्र आंशु बिष्ट (18) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कविता देवी (32), मयंक सिंह (8) और रोशनी (18) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
चालक को नींद की झपकी आने की आशंका
प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने के पीछे चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस तकनीकी और अन्य पहलुओं से भी मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्षेत्र में शोक की लहर
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से ग्राम बाँक, लोहाजंग और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। ग्रामीणों के अनुसार परिवार पहले से ही एक सदस्य के निधन के दुख में था, लेकिन घर लौटते समय हुए इस हादसे ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
