Rudraprayag: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले स्थित तुंगनाथ-चंद्रशिला ट्रेक पर खराब मौसम के बीच बड़ा हादसा हो गया। आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान लखनऊ निवासी 19 वर्षीय अभिनव वाजपेई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अभिनव अपने साथियों के साथ तुंगनाथ-चंद्रशिला क्षेत्र में घूमने पहुंचा था। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से अभिनव की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य पर्यटक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके के लिए रवाना हुई। खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी रास्तों के बावजूद रेस्क्यू टीम ने रात में अभियान चलाया। SDRF जवान करीब 8 से 10 किलोमीटर पैदल चलकर घटनास्थल तक पहुंचे और कठिन परिस्थितियों में शव को नीचे लाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
Chamoli: वैली ऑफ फ्लावर्स में दिखने लगी फूलों की रंगत, 1 जून से खुलेगा प्रवेश
इसके बाद शव को वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
