Chamoli: गोपेश्वर में जनता मिलन कार्यक्रम में डीएम ने सुनीं 15 शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

Chamoli: जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आज जिला सभागार गोपेश्वर में साप्ताहिक जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 15 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन में गैरसैंण निवासी पार्वती देवी ने अटल आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। इस पर पार्वती देवी के अटल आवास योजना के निर्धारित मानकों के अंतर्गत पात्र नहीं होने के कारण जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक को पार्वती देवी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रता के अनुसार लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला समाज कल्याण अधिकारी को सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से गांव-गांव में अटल आवास योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र ग्रामीणों को योजना की जानकारी मिल सके और वे इसका लाभ उठा सकें।

पोखरी निवासी भोपाल राम द्वारा चिकित्सा उपचार हेतु आर्थिक सहायता की मांग पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर उपजिलाधिकारी को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

कोटेश्वर निवासी बीरू लाल की पेंशन संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र एवं मुख्य कोषाधिकारी को प्रकरण में तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं नंदप्रयाग निवासी देवेंद्र लाल की सोलर लाइट संबंधी शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्यवाही करने को कहा। कर्णप्रयाग निवासी सुधा देवी की विद्युत संबंधी शिकायत पर अधिशासी अभियंता विद्युत को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्यवाही से भी अवगत कराया जाए।

Rudraprayag: जयकारों के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए द्वितीय केदार मद्महेश्वर धाम के कपाट, ऊखीमठ पहुंचेगी उत्सव डोली

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग तनुज काम्बोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।