CHAMOLI: वनाग्नि की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर की गई व्यापक मॉकड्रिल 

CHAMOLI: जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर डीएफओ सर्वेश कुमार दुबे के नेतृत्व में आज जनपद चमोली में वनाग्नि की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर व्यापक मॉकड्रिल आयोजित की गई। मॉकड्रिल का आयोजन केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग, बद्रीनाथ वन प्रभाग तथा अलकनंदा सिविल सोयम वन प्रभाग के विभिन्न क्षेत्रों में किया गया।

 

अभ्यास के दौरान वन कर्मियों ने वनाग्नि नियंत्रण की तकनीकों का व्यवहारिक प्रशिक्षण लिया, वहीं अग्निशमन विभाग की टीमों ने आग बुझाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। मॉकड्रिल के माध्यम से त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों के समन्वय तथा आपसी तालमेल की प्रभावशीलता को परखा गया।

 

इस अभ्यास में वन विभाग के साथ राजस्व विभाग, अग्निशमन विभाग, एसडीआरएफ एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य संभावित वनाग्नि घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी को सुदृढ़ करना तथा विभागीय समन्वय को और मजबूत बनाना रहा।