Chamoli: जिले में निर्माणाधीन एनटीपीसी की 520 मेगावाट तपोवन-विष्णुगाड़ जलविद्युत परियोजना ने निर्माण कार्य में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। परियोजना में हेड रेस टनल (HRT) का सफल ब्रेकथ्रू पूरा कर लिया गया है। इस उपलब्धि के साथ परियोजना का एक महत्वपूर्ण और जटिल चरण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है।
एनटीपीसी के वरिष्ठ सहायक अधिकारी (नैगम संवाद) राजेंद्र सिंह जयाड़ा ने बताया कि 8 जुलाई 2026 को फेस-02 और फेस-03 से बनाई जा रही सुरंगों का सटीक ब्रेकथ्रू किया गया, जिससे दोनों ओर से खुदाई कर बनाई जा रही टनल सफलतापूर्वक आपस में जुड़ गई।
9.7 किलोमीटर टनल खुदाई पूरी
जानकारी के अनुसार, फेस-02 से 1,748 मीटर तथा फेस-03 से 981 मीटर सुरंग की खुदाई की गई। इस सफलता के साथ 12.1 किलोमीटर लंबी हेड रेस टनल में अब तक 9.7 किलोमीटर, यानी लगभग 80 प्रतिशत खुदाई पूरी हो चुकी है।
चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मिली सफलता
परियोजना से जुड़े अभियंताओं और कर्मचारियों ने हिमालयी क्षेत्र की कठिन भू-वैज्ञानिक परिस्थितियों, कठोर चट्टानी संरचनाओं और जटिल भूमिगत निर्माण चुनौतियों के बीच यह उपलब्धि हासिल की। एनटीपीसी ने इसे तकनीकी दक्षता, सुरक्षा और गुणवत्ता के प्रति टीम की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।
अब शुरू होगा टनल लाइनिंग का कार्य
हेड रेस टनल का ब्रेकथ्रू पूरा होने के बाद अब टनल लाइनिंग (Tunnel Lining) का कार्य शुरू किया जाएगा। इससे परियोजना के निर्माण कार्य को और अधिक गति मिलने की उम्मीद है।
परियोजना प्रमुख ने दी टीम को बधाई
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक अजय कुमार शुक्ला ने सभी अधिकारियों, अभियंताओं, कर्मचारियों और सहयोगी एजेंसियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी सुरक्षा, गुणवत्ता और इंजीनियरिंग उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों के साथ परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
Chamoli: नारायणबगड़ में अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
