Dehradun: बदरीनाथ धाम के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं का मामला अब और तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले को उठाने वाले भैरव सेना के संस्थापक संदीप खत्री ने पुलिस प्रशासन पर उन्हें हाउस अरेस्ट (नजरबंद) करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाने के बाद से लगातार उनकी गतिविधियों पर पुलिस निगरानी रख रही है।
‘घर और कार्यालय पर रखी गई नजर’
संदीप खत्री ने दावा किया कि सोमवार को उनके घर पर करीब दो घंटे तक पुलिस मौजूद रही, जबकि मंगलवार को उनके कार्यालय के बाहर लगभग तीन घंटे तक पुलिस की निगरानी रही। उनका आरोप है कि इस तरह की कार्रवाई से उन पर मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है
‘CM से मिलकर करना चाहते थे उच्च स्तरीय जांच की मांग’
संदीप खत्री ने बताया कि उनका मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर बदरीनाथ चढ़ावा मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग वाला ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम था। हालांकि, उनके अनुसार पुलिस प्रशासन ने उन्हें मुख्यमंत्री आवास जाने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने बताया कि बाद में तहसीलदार उनके कार्यालय पहुंचे और वहीं ज्ञापन प्राप्त किया।
‘संवेदनशील मुद्दा उठाने से सरकार असहज’
संदीप खत्री का आरोप है कि उन्होंने एक अत्यंत संवेदनशील विषय उठाया है, जिससे सरकार असहज हुई है। उनका कहना है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
फिलहाल इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है
