Dehradun: बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर राज्य सरकार पर हमला बोला है। देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने पूरे मामले की हाईकोर्ट के तीन सिटिंग जजों की समिति से निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग की।
‘यह केवल आर्थिक मामला नहीं, करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रश्न’
लखपत सिंह बुटोला ने कहा कि यह मामला केवल आर्थिक अनियमितता का नहीं, बल्कि करोड़ों सनातन श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सच्चाई सामने लाने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
‘सरकार बलि का बकरा न बनाए’
कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार किसी छोटे कर्मचारी को बलि का बकरा बनाकर अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। उन्होंने कहा कि वास्तविक दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
बुटोला ने आरोप लगाया कि धामी सरकार जनता की आवाज़ दबाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि केवल निष्पक्ष और पारदर्शी जांच से ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी और श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहेगा।
प्रेसवार्ता में चमोली के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, विजेंद्र रावत, डॉ. प्रतिमा सिंह तथा पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा सहित कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे।
