Chamoli: कर्णप्रयाग में मामूली विवाद पर बवाल, सिख श्रद्धालुओं ने स्थानीय लोगों पर किया तलवार से हमला, डीएम-एसपी ने संभाली स्थिति, कार्रवाई का आश्वासन

Chamoli: जिले के कर्ण प्रयाग में मामूली विवाद को लेकर सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच भारी बवाल हो गया था। देखते ही देखते यह विवाद इतना उग्र हो गया था कि श्रद्धालुओं ने स्थानीय लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस हिंसक झड़प के दौरान कथित तौर पर तलवारों का भी इस्तेमाल किया गया, जिसके हमले में चार स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा और राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया था। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से वार्ता कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारु कराया गया।

 

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने आश्वासन दिया कि घटना में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अराजकता या कानून-व्यवस्था भंग करने के प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Chardham Yatra: बदरीनाथ धाम पहुंचे मुकेश अंबानी, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए BKTC को दिए ₹5 करोड़

इसके उपरांत जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने ब्लॉक सभागार कर्णप्रयाग में स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं एवं चिंताओं को विस्तार से सुना। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए विभिन्न बिंदुओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया।