Dehradun: खड़गे के कथित अपमान पर कांग्रेस ने मांगी FIR, ज्योति रौतेला के नेतृत्व में डालनवाला थाने पहुंचकर सौंपा प्रार्थना पत्र

Dehradun:  कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी जनसभा के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। मामले में कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डालनवाला थाना देहरादून पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा।

 

कांग्रेस ने 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण की घटना, राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में दर्ज एफआईआर और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयानों को लेकर शिकायत दर्ज कराई।

 

ज्योति रौतेला ने कहा कि मंच के कथित शुद्धिकरण की घटना केवल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान नहीं, बल्कि पूरे अनुसूचित जाति समाज, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।

 

उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को भी निंदनीय बताया। ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय बीजेपी के प्रवक्ता के रूप में काम कर रहा है।

 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं।