Delhi-Dehradun Expressway Inauguration: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को देहरादून दौरे रहे। उन्होंने देहरादून के मेजर जसंवत सिंह मैदान से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गढ़वाली भाषा में संबोधन शुरू किया। पीएम मोदी ने कहा उत्तराखंड का प्यारा भुलौ भै बंदौ, बौड़ी, भूल्यूं, सयाणा बुजुर्गों, आप सबूं थै नमस्कार। संबोधन में पीएम मोदी कुमाऊंनी भी बोलते सुनाई दिये। पीएम ने कहा आमा बाबा सबै लई मेरों तरफ बिटी खूब नमस्कार। पीएम मोदी ने जनसभा में देरी से आने के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि मैं निकला तो टाइम पर ही था। लेकिन 12 किलोमीटर के रोड शो में लोगों का आशीर्वाद लेकर यहां पहुंचा हूं। इस वजह से लेट हो गया।
देहरादून पर मां डाट काली की बड़ी कृपा- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि अगले कुछ ही दिनों में चारधाम की यात्रा शुरू होने वाली है। इस पवित्र समय का देश के कोटि कोटि लोग इंतजार करते हैं। पंच बदरी, पंच प्रयाग, पंच केदार और अराध्य देवताओं को प्रणाम करता हूं। यहां आने से पहले मां डाट काली के दर्शन करने का मौका मिला। देहरादून पर मां डाट काली की बड़ी कृपा है। इतने बड़े प्रोजेक्ट को पूरा करने में मां काली आशीर्वाद रहा है।
पीएम मोदी ने बताया राष्ट्र की भाग्य रेखाएं कौन सी हैं?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह भी एक शास्त्र है. अब यह तो हो गई व्यक्ति के भाग्य की, जो उसके हाथ में रेखाएं हैं, उसकी बात। लेकिन मैं अगर इसी संदर्भ को, इसी संदर्भ को राष्ट्र जीवन से जोड़कर के देखूं, तो राष्ट्र की भाग्य रेखाएं कौन सी होती है? हमारे हाईवे एक्सप्रेसवे ,एयरवे, रेलवे, वॉटरवे ये हमारे राष्ट्र की भाग्य रेखाएं होती हैं और बीते एक दशक से हमारा देश विकसित भारत बनाने के लिए विकास की ऐसी ही भाग्य रेखाओं के निर्माण में जुटा हुआ है।
बीते दशक से हमारी सरकार राष्ट्र के इन विकास रेखाओं पर अभूतपूर्व निवेश कर रही है। मैं आपको बता दूं कि साल 2014 तक इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए साल में पूरे देश में दो लाख करोड़ रुपये भी खर्च नहीं होते थे, यह मैं पूरे हिंदुस्तान की बात बताता हूं। दो लाख करोड़ भी नहीं होते थे। लेकिन अब एक साल में 12 लाख करोड़ खर्च हो रहा है। आने वाली पीढि़यों के लिए गारंटी है। मोदी की भी गारंटी है।
इकोनामिक कॉरिडोर से जुड़ी उम्मीद की डोर-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि इकोनामिक कॉरिडोर से उम्मीद की डोर भी जुड़ी हुई है। यह व्यापार का नया मार्ग बनाते हैं। दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे बनने से क्षेत्र का कायाकल्प होगा। पहला फायदा समय बचेगा,लोगों का पेट्रोल डीजल कम खर्च होगा। दूसरा बड़ा फायदा रोजगार का होगा। किसानों की उपज भी तेज गति से मंडी बड़े बाजारों तक पहुंचेगी, इस शानदार एक्सप्रेसवे से उत्तराखंड की टूरिज्म को बहुत ही बड़ा फायदा मिलेगा ।
विकास के लिए प्रकृति, प्रगति और संस्कृति की त्रिवेणी को अपनाया जा रहा है। इसलिए इस एक्सप्रेसवे पर 12 किमी लंबा एलिवेडेट बनाया गया है। आज सभी देश के सभी सैलानियों से आग्रह करता हूं। कि देवभूमि के स्थानों को साफ सुथरा रखना जरूरी है। इन इलाकों में प्लास्टिक की बोतलें देवभूमि की पवित्रता को ग्रहण लगाता है।
कुंभ और नंदा राजजात का भी जिक्र किया
अगले वर्ष हरिद्वार में कुंभ होना है। उसे दिव्य, भव्य और स्वच्छ बनाने में कसर नहीं छोड़नी है। नंदा राजजात भी अगले वर्ष होनी है। इस यात्रा में बहनों और बेटियों की भागीदारी होती है। इसके माध्यम से देश की बेटियों और बहनों को संदेश देना चाहता हूं कि आपकी भूमिका बड़ी होनी वाली है।
शादी के लिए बहुत बेहतरीन डेस्टिनेशन बनता जा रहा उत्तराखंड
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि आज उत्तराखंड विंटर टूरिज्म, विंटर स्पोर्ट्स और वेडिंग इन इंडिया, शादी के लिए बहुत बेहतरीन डेस्टिनेशन बनता जा रहा है। साथियों, उत्तराखंड के लिए और हमारे पर्यटन के लिए यह बहुत ज़रूरी है। इसलिए मेरा सर्दियों में होने वाली धार्मिक यात्राओं को लेकर बहुत आग्रह रहा है। और मुझे खुशी है कि हर साल इन यात्राओं में लोगों की संख्या बढ़ रही है। आपको याद होगा, मैं 2023 में आदि कैलास और ओम पर्वत की यात्रा पर गया था। पहले बहुत ज्यादा था, बीच में बिल्कुल जा नहीं पाया। कई वर्षों के बाद मैं गया। 2023 में मैं वहां गया और उसके बाद बहुत बड़ी मात्रा में श्रद्धालु वहां जा रहे हैं। पहले वहां कुछ लोग ही सर्दियों में यात्रा के लिए जाते थे। साल 2025 में करीब-करीब 40 हजार से अधिक लोगों ने इन पवित्र स्थानों की यात्रा की है। अभी 1000 नहीं होते थे, अगर 40000 पहुंचते हैं, तो यहां के लोगों की रोजी रोटी की कितनी बड़ी ताकत आ जाती है। इसी तरह 2024 में शीतकालीन चार धाम यात्रा में करीब 80 हजार श्रद्धालु आए। 2025 में ये संख्या डेढ़ लाख पार कर चुकी है। इसके बार वंदे मातरम के नारे के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन संपन्न हुआ।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर बोले पीएम
इस दौरान पीएम मोदी नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर बोले। उन्होंने कहा किसभी दलों को इसके लिए आगे आना चाहिए। महिलाओं ने जो हक दिया जा रहा है उसे लागू होना चाहिए। 2029 में लोकसभा के जो चुनाव होंगे, उसके बाद जो भी चुनाव होंगे यह 2029 से ही लागू हो जाना चाहिए। यह हर बेटी बहन की इच्छा है। 16 अप्रैल से संसद में विशेष चर्चा तय की गई है। मैं चाहता हूं कि इसमें सभी राजनीतिक दल सर्वसम्मति से पूरा करें। आज मैंने सभी बहनों और बेटियों के नाम खुला पत्र लिखा है। मैंने आग्रह किया है कि माताओं और बहनों को इस कार्य में भागीदारी के लिए आग्रह किया है। एक-एक शब्द पर इस पर मनन करना है।
पीएम मोदी ने की अपील- देवभूमि के स्थानों को स्वच्छ रखें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक की बोतलें और कूड़े के ढेर देवभूमि की पवित्रता को नुकसान पहुंचाते हैं। उत्तराखंड के लोगों और बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए यह जरूरी है कि देवभूमि के स्थानों की पवित्रता बनी रहे।
