PM Modi Uttarakhand Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को देहरादून से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे (इकोनॉमिक कॉरिडोर) का उद्घाटन किया। लगभग 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बना यह 210 किमी लंबा 6-लेन हाईवे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा के समय को 6 घंटे से घटाकर मात्र 2.5 घंटे कर देगा, जिससे आवागमन तेज और सुगम होगा।
एक्सप्रेसवे की मुख्य विशेषताएं
- यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के अक्षरधाम के पास से शुरू होकर बागपत, शामली और सहारनपुर (यूपी) से होते हुए देहरादून तक जाता है।
- दिल्ली-देहरादून की दूरी 280 किमी से घटकर 210 किमी रह जाएगी।
- इस एक्सप्रेसवे पर वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए 12 किमी लंबा एशिया का सबसे लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर बनाया गया है।
इससे दिल्ली-मेरठ के ट्रैफिक दबाव में कमी आएगी, उत्तराखंड में पर्यटन और वाणिज्यिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। इस परियोजना के उद्घाटन के साथ, यह क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा मील का पत्थर साबित होगा।
डाटकाली मंदिर में पूजा-अर्चना और रोड शो
उद्घाटन से पहले पीएम मोदी ने देहरादून में प्रसिद्ध डाटकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद पीएम मोदी रोड शो के लिए निकले। पहली बार राजधानी दून में 12 किमी का रोड शो किया।
इस उद्घाटन कार्यक्रम में देहरादून से सीएम धामी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री जबकि सहारनपुर से सीएम योगी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सूबे के दोनों डिप्टी सीएम और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे। इसके अलावा दिल्ली से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे।
