Haridwar: हरिद्वार जिले के बुग्गावाला थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मगरमच्छ ने 12 साल के मासूम बच्चे पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
अचानक हुआ हमला, बच्चे को खींच ले गया मगरमच्छ
जानकारी के मुताबिक बुग्गावाला थाना क्षेत्र के बंजारेवाला गांव निवासी रामकुमार का 12 साल का बेटा राम रहीम स्टोन क्रशर के पास मौजूद था। इसी दौरान अचानक एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे खींचकर पानी में ले गया। इस खौफनाक मंजर को देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने बरामद किया शव
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। बुग्गावाला थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे का शव बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन, मगरमच्छ पकड़ा गया
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। मगरमच्छ को पकड़ने के लिए कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। काफी प्रयासों के बाद टीम ने मगरमच्छ को पकड़ लिया और उसे अपने साथ ले गई। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
गांव में मातम, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग भी गहरे सदमे में हैं। आसपास के लोग लगातार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
इलाके में दहशत, वन विभाग से सुरक्षा की मांग
घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि ऐसे खतरनाक जानवरों से जल्द निजात दिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
