यूपी में Heat Wave का कहर, मिर्जापुर में चुनाव ड्यूटी पर आए 6 होमगार्ड्स की मौत

लोकसभा चुनाव के आखिरी और सातवें चरण की वोटिंग के लिए चुनाव ड्यूटी में आए कर्मचारियों को भीषण लू ने अपनी चपेट में ले लिया। इन कर्मचारियों की तबीयत खराब होने लगी और इन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। 


लोकसभा चुनाव अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। 1 जून को सातवें और आखिरी चरण की वोटिंग होनी है। इस बीच मिर्जापुर में शुक्रवार को भीषण गर्मी और हीटवेव के चलते चुनावी ड्यूटी में लगे 9 कर्मियों की मौत हो गई। जिन कर्मचारियों की मौत हुई उसमें 6 होमगार्ड के अलावा 1 स्वास्थ विभाग का कर्मचारी, 1 चकबंदी अधिकारी और 1 स्वाथ्य विभाग का बाबू शामिल हैं। जबकि 20 से अधिक होमगार्ड को जिले के मंडलीय अस्पताल में स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने 5 होमगार्ड की मौत स्वीकार की। सभी होमगार्ड दूसरे जिलों से चुनावी ड्यूटी के लिए मिर्जापुर पहुंचे थे। जैसे ही पॉलीटेक्निक कॉलेज पहुंचे, एक-एक कर बेहोश होने लगे। कॉलेज से ही पोलिंग पार्टी रवाना हो रही थीं।

डॉक्टर्स का कहना है, जब लोगों को इलाज के लिए लाया गया था, उस वक्त सभी को तेज बुखार था। ब्लड प्रेशर भी बढ़ा हुआ था। अंदेशा है कि इन जवानों की मौत भीषण गर्मी की वजह से हुई है। वही अस्पताल में भर्ती बीमार होमगार्ड का कहना है कि गर्मी की वजह से चक्कर आने लगा इसके बाद आंखों के सामने अंधेरा छा गया। बेहोश हो गया।

सोनभद्र में 2 मतदानकर्मियों की मौत

वहीं, सोनभद्र में भी पोलिंग बूथ पर रवाना होने से पहले 12 मतदानकर्मियों की तबीयत बिगड़ गई। बाद में अस्पताल में 2 मतदानकर्मियों की मौत हो गई। 9 कर्मचारी अस्पताल में भर्ती हैं।

उत्तर भारत में Heat Wave का कहर

दरअसल, उत्तर भारत में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कई जगह तापमान 51 डिग्री से ऊपर जा चुका है। इसके चलते अब तक कई दर्जन लोग जान गवां चुके हैं। मिर्जापुर के तापमान की बात करें तो शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को तापमान और भी बढ़ने का अनुमान है। शनिवार को जिले का तापमान 49 डिग्री को पार कर सकता है।

उत्तर भारत में हीटवेव से कई दर्जन लोगों की मौत

बता दें कि इससे पहले भी देशभर में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के बीच कई दर्जन लोगों की मौत हो गई। मिर्जापुर से पहले तक भीषण गर्मी के कारण 43 लोगों की मौत हो गई। बिहार में 32 लोग गर्मी के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं, ओडिशा में भी 10 लोगों की जान गर्मी के कारण चली गई है। बिहार में लू से 32 लोगों की मौत हो गयी, जिनमें से 17 औरंगाबाद में, छह आरा में, तीन-तीन गया और रोहतास में, दो बक्सर में और एक पटना में हुई। ओडिशा के राउरकेला में 10 लोगों की मौत हो गई।

इसके अलावा, झारखंड के पलामू जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं ओडिशा में भी 10 लोगों ने जान गवां दी और राजस्थान में 5 व उत्तर प्रदेश में भी 1 शख्स की मौत हुई है। इससे पहले बिहार के दरभंगा के रहने वाले 40 साल के एक शख्स की दिल्ली में लू लगने से मौत हो गई थी। उनके शरीर का तापमान सामान्य से लगभग 10 डिग्री अधिक 108 डिग्री फारेनहाइट तक बढ़ने के बाद कई अंगों की विफलता के कारण उनकी मृत्यु हो गई।