Lucknow अग्निकांड: चीखों के बीच बुझ गए 15 सपने, जान बचाने को खिड़कियों से कूदे छात्र

Lucknow:  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर संचालित व्यावसायिक भवन में भीषण आग लगने से 15 की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए।

घटना के समय इमारत में अचानक आग लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग धुएं और लपटों से घिर गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई । जान बचाने के लिए कई युवाओं को खिड़कियों से कूदना पड़ा, जबकि कुछ लोग तारों और पाइपों के सहारे नीचे उतरते दिखाई दिए।

केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के मेडिकल सुप्रिंटेंडेंट डॉक्टर अमिय अग्रवाल ने 15 बच्चों की मौत की पुष्टि की है। घायलों का इलाज केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार और प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस पूरे मामले की तह तक जाकर दोषियों को सजा दी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दोषियों पर कार्रवाई कर पीड़ित परिवारों के प्रति न्याय सुनिश्चित किया जाएगा और संवेदना व्यक्त की जाएगी।

Dehradun: सचिवालय कूच में कांग्रेस का हल्ला बोल, भू-माफियाओं को संरक्षण देने का लगाया आरोप

प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। पीएमओ ने कहा है कि मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

वहीं लखनऊ पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और प्रशासन हर पहलू पर नजर बनाए हुए है।

इस घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने X पर लिखा लखनऊ में कोचिंग सेंटर में आग लगने की दुखद घटना में कई लोगों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैं सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।