Uttarakhand: उत्तराखंड पुलिस में तैनात उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का कर्तव्य निर्वहन के दौरान हुई एक दुःखद सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उनके निधन से पुलिस विभाग सहित पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है।
भारतीय सेना से उत्तराखंड पुलिस तक का गौरवपूर्ण सफर
2 अगस्त 1973 को जन्मे विनोद कुमार शर्मा ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा देश सेवा को समर्पित किया। भारतीय सेना में गौरवपूर्ण सेवाएं देने के बाद वर्ष 2016 में उन्होंने उत्तराखंड पुलिस में उपनिरीक्षक के रूप में नियुक्ति प्राप्त की। अपने अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर उन्होंने विभाग में एक विशिष्ट पहचान बनाई।
जनसेवा और कानून-व्यवस्था में निभाई अहम भूमिका
वर्ष 2017 से लगातार जनपद टिहरी गढ़वाल में तैनात रहे उपनिरीक्षक शर्मा ने जनसेवा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस दायित्वों के निर्वहन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सरल स्वभाव, सहयोगी व्यवहार और कार्य के प्रति समर्पण उन्हें सहकर्मियों एवं आमजन के बीच सम्मान का पात्र बनाता रहा।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए हुए सम्मानित
पुलिस विभाग में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए वर्ष 2023 में उन्हें ‘सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह’ से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्य और समर्पित सेवाओं का प्रमाण माना जाता है।
वह मुनिकीरेती थाने की तपोवन, ढालवाला, कैलाशगेट चौकी में भी प्रभारी रहे। करीब छह माह से वह शिवपुरी चौकी में तैनात थे। जब पार्थिव अंतिम दर्शन के लिए घर लाया गया तो वहां कोहराम मच गया। उनकी पत्नी, दोनों बेटियां, मां उनके पार्थिव शरीर को देखकर बिलख गए। उनकी बड़ी पुत्री 15 और छोटी 13 साल की है।
भद्रकाली चेकपोस्ट पर की थी रात में ड्यूटी
रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारे में निहंगों के कब्जा किए जाने के बाद उपजे विवाद को लेकर ऋषिकेश पुलिस भी मुस्तैद थी। शिवपुरी चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा की रात को ड्यूटी भद्रकाली चेकपोस्ट पर लगी थी। वह रात को यहां चेकिंग डयूटी पर थे। ड्यूटी से वापस लौटने से पहले उन्होंने यात्रा पर जा रहे कुछ निहंगों के साथ फोटो भी खिंचवाई थी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे सहित समस्त टिहरी पुलिस परिवार ने दिवंगत अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिकारियों ने उनके निधन को पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
