Dehradun: बेकाबू सिटी बस ने मजदूरों को रौंदा, एक की मौत, चार घायल, चालक को मिर्गी का दौरा पड़ने से हुआ हादसा

Dehradun: देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लालपुल के निकट ग्रेड लिगेसी बिकन होटल के बाहर उस समय हुआ, जब एक सिटी बस अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां बैठे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया।

चालक की तबीयत बिगड़ने से हुआ हादसा

पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से कोतवाली पटेलनगर को दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि बस संख्या यूके-07-पीए-0287 अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बस चालक की अचानक तबीयत खराब होने के कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह दुर्घटना हुई।

घायलों को पहुंचाया अस्पताल

पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को उपचार के लिए महंत इन्द्रेश अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान आहद (22 वर्ष), पुत्र शान, निवासी राजीवनगर चमनपुरी, पटेलनगर की मौत हो गई। अन्य चार घायलों का उपचार जारी है।

घायलों की पहचान

दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की पहचान रतन कुमार (45 वर्ष) निवासी बलिया, उत्तर प्रदेश, संजीत (32 वर्ष) निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार, सुखराज साहनी (59 वर्ष) निवासी दरभंगा, बिहार तथा मानसिंह के रूप में हुई है।

Uttarakhand: सेना से पुलिस तक सेवा का सफर, ड्यूटी के दौरान हादसे में एसआई विनोद कुमार शर्मा का निधन

चालक भी अस्पताल में भर्ती

बस चालक अर्जुन (28 वर्ष), पुत्र भीम, निवासी जाखन, राजपुर रोड, देहरादून की तबीयत खराब होने के कारण उसे जिला अस्पताल कोरोनेशन में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

मिर्गी का दौरा पड़ने से हादसा 

तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपित चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है  हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक अर्जुन को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे मिर्गी के दौरे पड़ते हैं। घटना से पूर्व भी उसे मिर्गी का दौरा पड़ा था, जिसके कारण बस अचानक अनियंत्रित हो गई।