Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कर्णप्रयाग और नगरासू में सामने आए घटनाक्रम को लेकर कहा है कि सरकार, प्रशासन और पुलिस पूरी निष्पक्षता के साथ कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले में सभी पक्षों की बात सुनी जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विभिन्न प्रतिनिधिमंडल प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर चुके हैं, जबकि पुलिस महानिदेशक स्वयं पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में इन दिनों चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा चल रही है, जिसमें रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे समय में प्रदेश में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है
भ्रामक और भड़काऊ खबरों से बचने की अपील
मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ खबरें फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि कानून को हाथ में लेने या समाज को बांटने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की।
सभी समुदायों से शांति बनाए रखने का आग्रह
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, सिख समाज और सभी समुदायों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जहां सभी धर्मों और श्रद्धास्थलों का समान सम्मान किया जाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और किसी भी पक्ष को न्याय से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
