OIC: 57 मुस्लिम देशों का संगठन OIC कैसे बना, और अब पाकिस्तान क्यों गिड़गिड़ा रहा है? जानें

Islamic Cooperation Organization: कश्मीर में हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत का पाकिस्तान के प्रति रुख बेहद सख्त हो गया है। पहली बार ऐसा हुआ कि पर्यटकों को धर्म पूछकर निशाना बनाया गया। इस अप्रत्याशित हमले के बाद पाकिस्तान न सिर्फ सीमा पर हथियार तैनात कर रहा है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी खुद को “खतरे में” बताने में जुट गया है। इसी क्रम में पाकिस्तान ने 57 मुस्लिम देशों के संगठन इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) से भी मदद की गुहार लगाई है।

OIC ने दिया सहयोग का भरोसा, पाक का दावा 

पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि OIC ने सहयोग का भरोसा दिया है, हालांकि संगठन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पाकिस्तान ने OIC में कश्मीर में मुसलमानों पर कथित अत्याचार के मुद्दे को उठाया है। मगर दिलचस्प बात यह है कि OIC का इतिहास भी एक ईसाई व्यक्ति की हरकत से जुड़ा है।

ये भी पढ़ें 👉:Pahalgam Terror Attack: एमपी में सामने आया अनोखा मामला: पाकिस्तानी पिता और भारतीय मां के 9 बच्चों को लेकर असमंजस, केंद्र से मांगी गई सलाह

OIC की स्थापना की कहानी

21 अगस्त 1969 को यरूशलम की ऐतिहासिक अल-अक्सा मस्जिद में आग लगा दी गई थी। इस घटना को अंजाम दिया था एक ऑस्ट्रेलियाई ईसाई व्यक्ति डेनिस माइकल रोहन ने। आगजनी में मस्जिद को बड़ा नुकसान पहुंचा, जिससे पूरी मुस्लिम दुनिया में आक्रोश फैल गया। शुरू में अफवाह फैली कि आरोपी यहूदी है, और इसी चर्चा के लिए 25 सितंबर 1969 को मोरक्को के रबात में मुस्लिम देशों की कॉन्फ्रेंस हुई। यहीं पर 57 मुस्लिम देशों के एकजुट होकर एक संगठन बनाने का फैसला लिया गया।

ये भी पढ़ें 👉:Man Ki Baat: आतंक के खिलाफ पूरा देश एक…पहलगाम पीड़ितों को न्याय मिलकर रहेगा, ‘मन की बात’ में बोले पीएम मोदी

OIC का विकास और सदस्य देश

1970 में जेद्दा (सऊदी अरब) में इस्लामिक देशों के विदेश मंत्रियों की पहली बैठक हुई और OIC का ढांचा तैयार हुआ। 1972 में इस संगठन का पहला औपचारिक प्रस्ताव आया। शुरुआत में इसके 30 सदस्य थे, जो अब 57 तक पहुँच चुके हैं। यह संगठन दुनिया भर के मुसलमानों के मुद्दे उठाने के लिए बना है, लेकिन भारत के खिलाफ इसने कभी भी सख्त रुख नहीं अपनाया है — क्योंकि भारत के कई मुस्लिम देशों जैसे सऊदी अरब, यूएई, ओमान और कतर से अच्छे संबंध हैं।

OIC में शामिल प्रमुख देश

OIC में शामिल प्रमुख देशों में पाकिस्तान, बांग्लादेश, सऊदी अरब, तुर्की, ईरान, इराक, इंडोनेशिया, मलेशिया, अफगानिस्तान, जॉर्डन, मिस्र, लीबिया, यमन, फिलिस्तीन, उज्बेकिस्तान, माली जैसे देश शामिल हैं।

भारत का रुख और पाकिस्तान की बेचैनी

भारत इस समय आतंक के मुद्दे पर बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है। पाकिस्तान की घबराहट का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसने अपने एयरस्पेस को आंशिक रूप से बंद कर दिया है और OIC जैसे मंचों पर समर्थन की गुहार लगा रहा है। बावजूद इसके, OIC की चुप्पी इस बात का संकेत है कि संगठन अब सिर्फ “मुस्लिम एकता” नहीं, बल्कि राजनयिक संतुलन पर भी ध्यान देता है।