Pauri: तहसील दिवस में 95 शिकायतें दर्ज, स्थायी समाधान पर फोकस, आवश्यकता होने पर जिला योजना से समस्याओं के निराकरण की तैयारी

Pauri: तहसील पौड़ी के ग्राम घण्डियाल में आयोजित तहसील दिवस में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

कुल 95 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर ही समाधान करते हुए उन्होंने पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, आजीविका, वन्यजीव नियंत्रण एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने योजनाओं की जमीनी पड़ताल के साथ आमजन से सीधा संवाद स्थापित करते हुए विभागीय समन्वय, क्षेत्रीय निरीक्षण, जवाबदेही एवं स्थायी समाधान पर विशेष बल दिया, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों तक प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो और आमजन को त्वरित राहत मिल सके।

Chamoli: फूलों की घाटी में नहीं मिली कोई अवैध गतिविधि, निरीक्षण कर लौटी वन विभाग की टीम

जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद की सबसे बड़ी तहसील होने के कारण तहसील पौड़ी के अंतर्गत दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को प्रशासनिक सेवाओं का लाभ उनके नजदीक ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तहसील दिवस का आयोजन घंडियाल में किया गया। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए तहसील मुख्यालय तक लंबी दूरी तय न करनी पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जिससे शिकायतों का मौके पर ही समाधान संभव हो पाता है।

जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए सहकारिता, परिवीक्षा, बाल विकास, उद्यान, कृषि, पशुपालन, शिक्षा, राजस्व, आयुर्वेदिक, समाज कल्याण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की गई। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से लाभार्थियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए आमजन से भी संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम के दौरान वंदना को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई, जबकि शिवांश, इशिका एवं जयश्री को नेमप्लेट वितरित कर प्रोत्साहित किया गया।।