रेवंत रेड्डी बनें तेलंगाना के नए CM, जानें उनका राजनीतिक सफर

Revanth Reddy oath ceremony: तेलंगाना में कांग्रेस को प्रचंड जीत मिली है। पार्टी ने यहां 119 में से 64 सीटों पर जीत हासिल की है। पार्टी तेलंगाना के गठन के बाद से पहली बार सरकार बनाने में सफल रही।


Revanth Reddy oath ceremony: कांग्रेस नेता अनुमुला रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। शपथ ग्रहण समारोह हैदराबाद के एलबी स्टेडियम में आयोजित किया गया है। तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन रेवंत रेड्डी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ कुल 11 विधायकों को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी मौजूद रहे।

तेलंगाना गठन के बाद पहली बार सत्ता में आई कांग्रेस

तेलंगाना में कांग्रेस को प्रचंड जीत मिली है। पार्टी ने यहां 119 में से 64 सीटों पर जीत हासिल की है। पार्टी तेलंगाना के गठन के बाद से पहली बार सरकार बनाने में सफल रही। बता दें कि कर्नाटक के बाद तेलंगाना दक्षिण का दूसरा राज्य है, जहां कांग्रेस की खुद की सरकार बनी है। तमिलनाडु में वह डीएमके के साथ गठबंधन सरकार में है।

रेवंत रेड्डी तेलंगाना के दूसरे सीएम 

रेवंत रेड्डी प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। उन्होंने अब मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। साल 2014 में आंध्र प्रदेश से अलग तेलंगाना के गठन के बाद रेवंत रेड्डी राज्य के दूसरे मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने चुनाव में मुख्यमंत्री केसीआर की पार्टी बीआरएस को हराया। बता दें कि तेलंगाना में अब तक चंद्रशेखर राव (केसीआर) ही दो बार मुख्यमंत्री बने थे।

एबीवीपी से की राजनीति की शुरुआत

रेवंत रेड्डी का जन्म 1969 में अविभाजित आंध्र प्रदेश के महबूबनगर हुआ। रेड्डी ने अपनी छात्र राजनीति की शुरुआत एबीवीपी से की। बाद में वे चंद्रबाबू नायडू की तेलुगू देशम पार्टी में शामिल हो गए। 2009 में वे आंध्र की कोडांगल से टीडीपी के टिकट पर विधायक चुने गए। 2014 में वो तेलंगाना विधानसभा में टीडीपी के सदन के नेता चुने गए।

ये भी पढ़ें: उत्तराखंड की बहु मनीषा कार्की बनीं देश की पहली महिला ADC

2021 में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बने थे रेवंत

2017 में रेवंत रेड्डी कांग्रेस में शामिल हो गए। हालांकि, वे 2018 में विधानसभा चुनाव हार गए। फिर भी कांग्रेस ने उनपर भरोसा जताते हुए 2019 लोकसभा चुनाव में मलकाजगिरि से टिकट दिया, इसमें उन्होंने जीत हासिल की। 2021 में कांग्रेस ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष बना दिया। रेवंत रेड्डी की अगुवाई में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 64 सीटों पर जीत दर्ज की। अब रेवंत रेड्डी तेलंगाना के नए मुख्यमंत्री बने।