उत्तराखंड की बहु मनीषा कार्की बनीं देश की पहली महिला ADC 

उत्तराखंड की बहु मनीषा कार्की ने राज्य का मान बढ़ाया है। मनीषा को मिजोरम के राज्यपाल ने एडीसी के रूप में नियुक्त किया है। इसी के साथ वह देश की पहली महिला भारतीय सशस्त्र बल अधिकारी बन गई हैं।


उत्तराखंड की बहु, वायु सेना की महिला अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर मनीषा कार्की ने राज्य का गौरव बढ़ाया है। उन्हें मिजोरम के राज्यपाल डाॅ. हरि बाबू कंभमपति ने असिस्टेंट-डी-कैंप एडीसी (Aide-de-camp) के रूप में नियुक्त किया है। इसी के साथ वह सशस्त्र बलों से देश में राज्यपाल के एडीसी के रूप में नियुक्त होने वाली भारत की पहली महिला अधिकारी हैं। मनीषा की इस उपलब्धि के बाद से प्रदेशभर में खुशी की लहर है।

2015 बैच की अधिकारी है मनीषा कार्की

स्क्वाड्रन लीडर मनीषा कार्की भारतीय वायु सेना के 2015 बैच की एक प्रतिष्ठित अधिकारी हैं। इससे पहले वह वायुसेना स्टेशन बीदर, वायुसेना स्टेशन पुणे और वायुसेना स्टेशन भटिंडा में तैनात थीं। वह अब सहायक डी कैंप (एडीसी) की जिम्मेदारी संभालेंगी।

मनीषा के पति दीपक कार्की भी सेना में मेजर

ओडिशा के बहरामपुर में जन्मीं मनीषा की शादी देहरादून के डोईवाला, ज्वालापुर निवासी दीपक कार्की से हुई है। दीपक कार्की भी सेना में मेजर हैं। जो वर्तमान में पंजाब के गुरदासपुर में तैनात हैं। जबकि मनीषा के ससुर प्रेम सिंह कार्की भी सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। सेना से सेवानिवृत्ति के बाद इसी साल फरवरी में एक हादसे में उनका निधन हो गया था।

सेना में अधिकारी रहते हुए बखूबी निभाया बहू का फर्ज

मनीषा की सास लीलावती कार्की बताती हैं कि उनकी बहू उनके परिवार का गौरव है। सेना में अधिकारी पद पर रहते हुए जिम्मेदारी को बखूबी निभाने के साथ ही एक बेटी के रूप में वह उनका पूरा ख्याल रखती हैं। बहु मनीषा के राज्यपाल के सहायक डी कैंप के रूप में नियुक्ति पर वह खुशी जताती हैं।

ये भी पढ़ें: कौन है सैम मानेकशॉ? जिन पर बनी फिल्म, उत्तराखंड से भी रहा उनका नाता

स्क्वाड्रन लीडर मनीषा कार्की ने औपचारिक रूप से अपने पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वहीं मिजोरम के राज्यपाल ने भी अपने एक संदेश में कहा कि मनीषा की नियुक्ति महज एक मील का पत्थर नहीं, बल्कि उन महिलाओं की उल्लेखनीय क्षमताओं का प्रमाण है, जो लैंगिक मानदंडों को चुनौती देती हैं और कई क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करती हैं।

जानिए कौन होते हैं ADC 

एडीसी ADC (Aide-de-camp) वे अधिकारी होते हैं जो सेना प्रमुख, सेना कमांडरों, राज्यपालों और भारत के राष्ट्रपति सहित शीर्ष अधिकारियों के निजी सहायक के रूप में कार्य करते हैं। भारत के राष्ट्रपति के पास पांच सहयोगी-डे-कैंप हैं, जिनमें से तीन सेना से, और एक-एक नौसेना और वायु सेना से हैं। अब मनीषा कार्की का नाम भी एडीसी में शामिल हो चुका है।