Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे की कथित हेराफेरी के मामले को बेहद गंभीर बताते हुए स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही या राजनीतिक हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं करेगी।

बुधवार को चमोली के गोपेश्वर में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बद्रीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में चढ़ावे से जुड़ी किसी भी प्रकार की अनियमितता को गंभीरता से लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर रही है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।”
सीएम धामी ने यह भी कहा कि इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग देने की बजाय निष्पक्ष जांच होने देना चाहिए। सरकार का उद्देश्य श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर व्यवस्था की पारदर्शिता को बनाए रखना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
