Uttarakhand Congress: उत्तराखंड कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस मुख्यालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और विधायक प्रीतम सिंह ने सरकार पर भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, अवैध खनन, भू-माफिया संरक्षण और कानून व्यवस्था की विफलता के गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने ऐलान किया कि प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा और 16 फरवरी को राजभवन का घेराव किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस गणेश गोदियाल ने कहा कि पिछले दो दिन दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ उत्तराखंड की स्थिति को लेकर गंभीर चर्चा हुई है। प्रदेश में भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, संसाधनों की लूट और सरकारी नाकामी ने चिंता बढ़ा दी है। अंकिता भंडारी मामले में सरकार की भूमिका आज तक स्पष्ट नहीं हुई है। मुख्यमंत्री ने जांच को लेकर कोई ठोस जानकारी सार्वजनिक नहीं की। भाजपा सरकार नैतिक अधिकार खो चुकी है और जनता आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी। कांग्रेस इन मुद्दों को मजबूती से जनता के सामने उजागर करेगी।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। हर विभाग में भ्रष्टाचार आम बात बन चुका है। अपराधियों और माफियाओं को सरकार का संरक्षण मिल रहा है। शराब माफिया, खनन माफिया और भू-माफिया खुलेआम काम कर रहे हैं। जिला विकास प्राधिकरण आम आदमी को परेशान कर रहा है। कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और प्रदेश में जंगलराज जैसे हालात बन गए हैं।
Uttarakhand में लागू सख्त नकल विरोधी कानून पर बनी शॉर्ट फिल्म “आखिरी कोशिश” का विमोचन
विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। किसान, युवा और महिलाएं सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। भाजपा के ही विधायक सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे हालात में कांग्रेस ने फैसला लिया है कि 16 फरवरी को राजभवन का घेराव कर सरकार को चेताया जाएगा। अगर सरकार नहीं सुधरी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर कांग्रेस अगले तीन महीनों तक जनजागरण अभियान चलाएगी। हर विधानसभा में रैलियां, धरना-प्रदर्शन होंगे। महिला उत्पीड़न, बेरोजगारी, खनन, आबकारी भ्रष्टाचार, भू-माफिया और वन्यजीव आतंक जैसे मुद्दों को जनता के बीच ले जाया जाएगा। सरकार को जनता की ताकत से जवाब दिया जाएगा।
