Uttarakhand: देवप्रयाग में भीषण हादसा, 150 मीटर नीचे खाई में गिरी कार, चालक समेत दो की मौत, तीन घायल

Uttarakhand: उत्तराखंड के देवप्रयाग में गुरुवार को ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही मारुति सुजुकी वैगनआर कार ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला पुलिस, स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। एसडीआरएफ की टीमें ब्यासी से उपनिरीक्षक सावर सिंह और श्रीनगर से निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में मौके पर पहुंचीं। टीमों के पहुंचने से पहले ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाल लिया था। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान एसडीआरएफ की टीम ने वाहन में फंसे एक पुरुष और एक महिला के शव बाहर निकाले। घटनास्थल की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए दोनों शवों को राफ्ट के सहारे नदी पार कर देवप्रयाग पहुंचाया गया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए शव जिला पुलिस को सौंप दिए गए।

 

मृतकों और घायलों का विवरण

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सत्येश्वरी देवी (72 वर्ष), निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली और कार चालक अनिल के रूप में हुई है।

वहीं, घायलों में उत्तम सिंह (33 वर्ष), निवासी लाडोली, रुद्रप्रयाग; टीशा रावत (18 वर्ष) और सुनीता देवी (45 वर्ष), निवासी ग्राम बीना, जिला रुद्रप्रयाग शामिल हैं।

 

एसडीआरएफ की दोनों टीमों ने आपसी समन्वय से रेस्क्यू अभियान पूरा किया। हादसे के बाद दुर्घटना के कारणों की जांच और आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।