Uttarakhand IAS PCS Transfer: उत्तराखंड की धामी सरकार ने शुक्रवार को अफसरशाही में बड़ा बदलाव किया है। सचिवालय सेवा के 26 PCS अधिकारियों के तबादले किए गए तो वहीं 6 IAS का कार्यभार बदला गया है। इस लिस्ट में कई जिलों के एडीएम (ADM), सिटी मजिस्ट्रेट और डिप्टी कलेक्टर स्तर के अधिकारी शामिल हैं। सरकार के इस कदम को आगामी विकास कार्यों और प्रशासनिक कसावट से जोड़कर देखा जा रहा है।
IAS अधिकारियों के बदले कार्यभार
शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी बंशीलाल राणा को अब आयुक्त खाद्य का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा, युवा आईएएस अधिकारियों के कंधों पर भी नई जिम्मेदारियां डाली गई हैं।

रानीखेत की जॉइंट मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात का तबादला अब पौड़ी कर दिया गया है, जहां वह जॉइंट मजिस्ट्रेट की भूमिका निभाएंगी। वहीं, पौड़ी में तैनात जॉइंट मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी को अब रानीखेत भेजा गया है।

PCS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल
सचिवालय सेवा के 26 PCS अधिकारियों की सूची में कई महत्वपूर्ण नाम शामिल हैं। नंदन सिंह डुंगरियाल को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) का नया सचिव नियुक्त किया गया है। भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता और सुचारू संचालन के मद्देनजर यह एक अहम तैनाती मानी जा रही है।

वहीं, शिवकुमार बर्नवाल को हर्रावाला स्थित आयुर्वेद विश्वविद्यालय का रजिस्ट्रार बनाया गया है। सौरभ असवाल अब नैनीताल के नए एडीएम (ADM) होंगे। टिहरी और नैनीताल जैसे महत्वपूर्ण जिलों के एडीएम भी इस फेरबदल का हिस्सा रहे हैं।

डिप्टी कलेक्टर भी ‘इधर से उधर’
सरकार ने केवल जिला मुख्यालयों ही नहीं, बल्कि तहसील स्तर पर भी बड़े बदलाव किए हैं। देहरादून, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, टिहरी और पौड़ी जिलों में तैनात कई डिप्टी कलेक्टरों को एक जिले से दूसरे जिले या एक जिम्मेदारी से दूसरी जिम्मेदारी पर शिफ्ट किया गया है।
