Valley Of Flowers: उत्तराखंड के चमोली जिले से देश-दुनिया के प्रकृति प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान के प्रवेश द्वार आज 1 जून से पर्यटकों के लिए खोल दिए गए हैं। सोमवार सुबह 8 बजे पारंपरिक पूजा-अर्चना के बाद घाटी का प्रवेश द्वार खोला गया। इसके साथ ही देश-दुनिया से आने वाले पर्यटक अब फूलों की घाटी का दीदार कर सकेंगे।
20 से अधिक प्रजातियों के फूलों के हो रहे दर्शन
सीजन की शुरुआत में ही घाटी में 20 से अधिक प्रजातियों के रंग-बिरंगे एल्पाइन फूल खिलने लगे हैं। बर्फ से ढके हिमखंडों के बीच खिले ये फूल पर्यटकों को खास आकर्षित कर रहे हैं।
पर्यटकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील
पार्क प्रशासन ने घाटी पहुंचने वाले पर्यटकों का स्वागत किया और जैव विविधता संरक्षण की जानकारी दी। ईको विकास समिति भ्यूंडार ने पर्यटकों से अपील की है कि घाटी की प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखने के लिए कूड़ा अपने साथ वापस जरूर लाएं।
31 अक्टूबर तक खुली रहेगी घाटी
चमोली जिले में करीब 12,995 फीट की ऊंचाई पर स्थित फूलों की घाटी हर साल 1 जून से 31 अक्टूबर तक पर्यटकों के लिए खुली रहती है। 500 से अधिक प्रजातियों के फूलों से सजी यह घाटी यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों में शामिल है।
