Oath Ceremony: विष्णु देव साय बने छत्तीसगढ़ के चौथे सीएम

Chhattisgarh CM Oath Ceremony: विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के सीएम के रूप में शपथ ली। अरुण साव और विजय शर्मा ने छत्तीसगढ़ के नए डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ग्रहण की।


Chhattisgarh CM Oath Ceremony: भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) ने छत्तीसगढ़ के नए सीएम के रूप में बुधवार को शपथ ली। साय के साथ ही बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और विजय शर्मा ने डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ली। यह पहला मौका है जब राज्य में सीएम को सहयोग करने के लिए दो डिप्टी सीएम बनाये गये हैं।

पीएम मोदी भी हुए शामिल

शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज में किया गया। शपथ ग्रहण में पीएम नरेंद्र मोदी के साथ-साथ बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

विष्णु देव साय बने छत्तीसगढ़ के चौथे सीएम 

बता दें कि विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ राज्य के चौथे मुख्यमंत्री होंगे। इससे पहले अजीत जोगी, रमन सिंह और भूपेश बघेल इस पद पर रह चुके हैं। टर्म के हिसाब से देखें तो साय छठे विधानसभा में सीएम बने हैं। साय ने राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में सरगुजा संभाग के कुनकुरी विधानसभा सीट से जीत हासिल की। इस क्षेत्र की सभी 14 सीटों पर अब भाजपा का कब्जा है।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष थे साय

पूर्व केंद्रीय मंत्री साय छत्तीसगढ़ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। जून 2020 में भाजपा ने विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। वह अगस्त 2022 तक प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष के पद पर रहे।

रायगढ़ से चार बार सांसद चुने गए साय

विष्णुदेव साय रायगढ़ से 4 बार (1999-2014) सांसद चुने गए। नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में साय ने केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य किया। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनावों में उन्हें बीजेपी ने मैदान में नहीं उतारा था, क्योंकि बीजेपी ने छत्तीसगढ़ में 2018 में हुए राज्य विधानसभा चुनाव हारने के बाद अपने किसी भी मौजूदा सांसद को नहीं दोहराने का फैसला किया था।

आदिवासी समुदाय से हैं साय

राज्य में आदिवासी समुदाय की आबादी सबसे अधिक है।विष्णुदेव इसी समुदाय से हैं। अजित जोगी के बाद छत्तीसगढ़ में इस समुदाय से कोई दूसरा मुख्यमंत्री नहीं बन सका था। बीजेपी इस बार आदिवासी समुदाय से आने वाले साय के ज़रिये पूरे देश में संदेश दे रही है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में लोकसभा की कुल 11 सीटें हैं। अब उस पर क्लीन स्वीप कराने की ज़िम्मेदारी साय की होगी। 2019 में बीजेपी ने छत्तीसगढ़ में 9 सीटों पर जीत हासिल की थी।

ये भी पढ़ें: संसद पर हमले की बरसी के दिन सुरक्षा में भारी चूक, 6 लोगों ने मिलकर रची थी पूरी साजिश

दो डिप्टी सीएम ने भी ली शपथ

दूसरी ओर साय के साथ डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेने वाले अरुण साव साहू ओबीसी समुदाय से आते हैं प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। वहीं, विजय शर्मा ब्राह्मण समुदाय से हैं और वह राज्य बीजेपी महामंत्री के रूप में काम कर रहे थे।