CM Oath Ceremony: मोहन यादव बने MP के 19वें मुख्यमंत्री

MP CM Oath Ceremony: राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मोहन यादव को मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री की शपथ दिलाई। इसके साथ ही दो डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला ने भी शपथ ली। 


MP CM Oath Ceremony: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव (Mohan Yadav) ने बुधवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। वे MP के 19वें मुख्यमंत्री हैं।जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने डिप्टी CM के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने सभी को शपथ दिलाई। भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह सिर्फ 10 मिनट का रहा।

पीएम समेत भाजपा शासित राज्यों के सीएम हुए शामिल 

शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम मौजूद रहे। इसके साथ ही बीजेपी के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों में उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के पुष्कर धामी के अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी शपथ ग्रहण में शामिल हुए हैं।

संघ के करीबी माने जाते हैं मोहन यादव

मोहन यादव को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का करीबी माना जाता है। वह अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय से आते हैं, जिनकी संख्या राज्य की जनसंख्या में 48 फीसदी से अधिक है।

ये भी पढ़ें: विष्णु देव साय बने छत्तीसगढ़ के चौथे मुख्यमंत्री

उज्जैन दक्षिण से बीजेपी विधायक हैं यादव

मोहन यादव उज्जैन दक्षिण से बीजेपी विधायक हैं और राज्य में बड़ा ओबीसी चेहरा हैं। विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद बीजेपी आलाकमान ने मोहन यादव को सीएम पद के लिए चुना। बता दें, विधानसभा चुनाव 2023 में बीजेपी ने राज्य की 230 विधानसभा सीटों में से 163 सीटें जीतीं। वहीं कांग्रेस को 66 सीटें मिलीं।

ये भी पढ़ें: संसद पर हमले की बरसी के दिन सुरक्षा में भारी चूक, 6 लोगों ने मिलकर रची थी पूरी साजिश

2013 में पहली बार विधायक चुने गए थे यादव

यादव 2013 में पहली बार उज्जैन दक्षिण सीट से विधायक चुने गए थे। उन्होंने 2018 और फिर 2023 में विधानसभा सीट बरकरार रखी। यादव शिवराज कैबिनेट में उच्च शिक्षा मंत्री रह चुके हैं। बीजेपी आलाकमान ने शिवराज सिंह चौहान के बाद अब उनको राज्य की सत्ता सौंपी है।