We Will Do It: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे कर चुके हैं। ऐसे में दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में सभा का आयोजन किया गया। ‘विकसित भारत संकल्प सभा-सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम में पीएम मोदी ने लोगों का जज्बा बढ़ाने वाला भाषण दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि We Will Do It (हम करके रहेंगे) यह अहसास ही अमृत है।
जिसने जिताया, उसने विनम्र होना सिखाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरी सीखने की क्षमता कभी कम न हो। मैं जितना सीखूंगा, देश के लिए करने का सामर्थ्य उतना ही बढ़ेगा। जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं तो कृतज्ञता का भाव ही आता है। मैं कृतज्ञ हूं हर उस व्यक्ति हर उस घटना के प्रति, जिसने मुझे कुछ न कुछ सिखाया। जिसने मुझे जिताया उसने मुझे विनम्र होना सिखाया। जिसने मुझे गिराया, उसने मुझे फिर उठना सिखाया।
सीखने की ललक जीवन का हिस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुझे याद है कि जब मैं वडनगर के स्कूल में पढ़ने जाता था, तब हमारे मास्टर जी तरह-तरह के पाठ पढ़ाते थे और क्लास में सबसे पहले पहुंचने वाले छात्र में हमेशा मेरा नाम होता था। सीखने की वो ललक मेरे जीवन का हिस्सा बन गई और मैं आज भी स्वयं को एक विद्यार्थी ही मानता हूं। हर दिन कुछ नया सीखने का प्रयास करता हूं।
जनता का सबसे बड़ा योगदान
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि आज मैं जो कुछ हूं, जहां भी हूं, जिस दायित्व पर हूं, उसमें सबसे बड़ा योगदान जनता-जनार्दन का ही है। मेरे लिए जनता-जनार्दन ईश्वर का ही रूप है। लाखों-करोड़ों देशवासियों के विश्वास और लाखों कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही, मेरी सबसे बड़ी शक्ति रही है। ये 25 वर्ष का अनुभव बहुत बड़ी पूंजी है और ये पूंजी सिर्फ मोदी की नहीं है ये पूंजी देश की है।
शुरुआत :
7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
यात्रा:
गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में तीन कार्यकाल पूरे करने के बाद, वह वर्ष 2014 से लगातार भारत के प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा कर रहे हैं।
2047 का विजन:
पीएम मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने “We Will Do It” (हम करके रहेंगे) का नया मंत्र दिया।
