UK Board Result: उत्तराखंड बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होते ही ऋषिकेश के होनहार छात्र आर्यन जाटव ने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ा दिया। साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले आर्यन की इस शानदार सफलता से परिवार, विद्यालय और पूरे जिले में खुशी की लहर है।
आर्यन जाटव ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा, मेरी सफलता के पीछे मेरे माता-पिता और सभी शिक्षकों का बहुत बड़ा योगदान है। पिछले दो वर्षों में शिक्षकों ने मेरे साथ काफी मेहनत की और हर कदम पर मार्गदर्शन दिया। माता-पिता ने भी हमेशा सहयोग और हौसला बढ़ाया।”
आर्यन ने बताया कि उनकी माता गृहिणी हैं, जबकि पिता बाइक मैकेनिक की दुकान पर काम करते हैं। परिवार में एक छोटा भाई और एक बहन भी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद आर्यन ने मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
उन्होंने कहा कि उनका सपना आगे चलकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का है। आर्यन की इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को भी प्रेरणा मिली है कि कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत से सफलता प्राप्त की जा सकती है।
