Chamoli: प्रसव पीड़ा से तड़पती गर्भवती ने एंबुलेंस में तोड़ा दम, उठे सवाल, आखिर कब सुधरेगी स्वास्थ्य व्यवस्था?

Chamoli:  जिले के थराली में प्रसव पीड़ा के दौरान रेफर की गई गर्भवती महिला की एंबुलेंस में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली के चिकित्सा स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

3 घंटे इंतजार, फिर अस्पताल में भर्ती

मृतका सरिता देवी (35), पत्नी नरेंद्र कुमार, को सोमवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी थराली लाया गया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने करीब तीन घंटे बाद महिला की जांच की और पहले सामान्य प्रसव कराने की बात कहकर अस्पताल में भर्ती कर लिया।

बाद में किया रेफर, रास्ते में मौत

परिजनों का कहना है कि दोपहर बाद अस्पताल ने गायनाकोलॉजिस्ट उपलब्ध न होने की बात कहते हुए महिला को कर्णप्रयाग रेफर कर दिया। आरोप है कि नारायणबगड़ के पास बगोली क्षेत्र में एंबुलेंस में ही महिला ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने यह भी दावा किया कि एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर और पंखे जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं।

अस्पताल प्रशासन का पक्ष

सीएचसी थराली के चिकित्साप्रभारी डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि महिला की सामान्य डिलीवरी की संभावना को देखते हुए उसे भर्ती किया गया था। बाद में बच्चे की हार्ट बीट बढ़ने से स्थिति जटिल हो गई और सिजेरियन की आवश्यकता महसूस हुई। चूंकि अस्पताल में गायनाकोलॉजिस्ट और सिजेरियन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, इसलिए महिला को कर्णप्रयाग रेफर किया गया।

Uttarakhand: स्कूल मरम्मत से लेकर मानसून तैयारियों तक, मुख्य सचिव ने तय किया रोडमैप, सभी डीएम को दिए निर्देश

सीएमओ को भेजी गई रिपोर्ट

चिकित्साप्रभारी के अनुसार, पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) चमोली को भेज दी गई है। मामले की आगे जांच की जाएगी।