Accident: उत्तराखंड में दो बड़े सड़क हादसे, टिहरी में बस और रुद्रप्रयाग में मैक्स खाई में गिरी, 13 की गई जान, राष्ट्रपति, पीएम, सीएम ने जताया दुख

Accident: उत्तराखंड में बीती रात से लेकर मंगलवार सुबह तक दो बड़े सड़क हादसे हुए। इन हादसों में 13 लोगों की जान चली गई है। 31 लोग घायल हुए हैं। ये हादसे रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि और टिहरी गढ़वाल जिले के गूलर में हुए हैं।

आठ राज्यों के लोग कर रहे थे बस में यात्रा, 9 की मौत 

मंगलवार सुबह ऋषिकेश से करीब 20 किलोमीटर आगे देवप्रयाग की तरफ गूलर के पास बदरीनाथ हाईवे पर यात्रियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे में 9 यात्रियों की मौत के साथ ही 25 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में आठ राज्यों के लोग शामिल हैं। जबकि मृतकों को मिलाकर आठ-नौ राज्यों के लोग इस हादसे में शामिल हैं। बस में उत्तराखंड, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के श्रद्धालु यात्रा कर रहे थे।

हादसे पर सीएम धामी और पीएम मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख व्यक्त किया है। घायलों के उचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

प्रभारी निरीक्षक मुनिकी रेती प्रदीप चौहान ने बताया कि टिहरी गढ़वाल के गूलर बाजार के पास सुबह के समय बस रेलिंग तोड़ते हुए 100 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरी। हादसे की खबर मिलते ही एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही गुलर, शिवपुरी और व्यासी चौकी से भी टीमें रेस्क्यू के लिए पहुंच गईं। एसडीआरएफ और फायर सर्विस ने तत्काल रेस्क्यू कार्य शुरू किया। बस बुरी तरह पिचक चुकी थी। अभी तक हादसे में 9 लोगों की जान चली गई है, 25 लोग घायल हैं।

Chamoli: गौचर में राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारिता की चुनौतियों पर मंथन, पत्रकारों की मान्यता और सामाजिक सुरक्षा का मुद्दा उठा

रुद्रप्रयाग में बारातियों की मैक्स खाई में गिरी, 4 की मौत

वहीं रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक के क्यूंजा घाटी में सोमवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। पोखरी से शादी संपन्न होने के बाद लौट रही कंडारा सड़क पर बारातियों से भरी मैक्स गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 घायल हुए हैं।

घायलों में भी चार लोगो की हालत बेहद गंभीर है। इन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल श्रीनगर गढ़वाल भेजा गया है।

इस हादसे के बाद रांसी-गोंडार सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।