Bajrang Punia: पहलवान बजरंग पूनिया ने लौटाया पद्मश्री पुरस्कार, PM मोदी को लिखी चिट्ठी 

Bajrang Punia, Padma Shri Award: भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया ने भारतीय कुश्ती संघ के नए प्रमुख संजय सिंह के विरोध में एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने अपना पद्म श्री पुरस्कार लौटा दिया है।


Padma Shri Award: भारतीय पहलवान और ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया ने भारतीय कुश्ती संघ के नए प्रमुख संजय सिंह के विरोध में अपना पद्म श्री पुरस्कार लौटा दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।

बजरंग ने लौटाया पद्म पुरस्कार 

बजरंग ने पद्म पुरस्कार लौटाने का ऐलान करते हुए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। इस पत्र की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए बजरंग ने लिखा “मैं अपना पद्मश्री पुरस्कार प्रधानमंत्री जी को वापस लौटा रहा हूं। कहने के लिए बस मेरा यह पत्र है। यही मेरा स्टेटमेंट है।”

क्या है मामला?

इसी साल जनवरी के महीने में बजरंग पूनिया सहित देश के कई बड़े पहलवानों ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ धरना शुरू कर दिया था। पहलवानों ने बृजभूषण सिंह और उनके समर्थकों पर महिला पहलवानों के यौन शोषण और मनमानी के आरोप लगाए थे। इसके बाद जांच का आश्वासन मिलने पर पहलवानों ने धरना खत्म किया। वह जांच से संतुष्ट नहीं हुए तो दोबारा धरना किया और इसमें जमकर बवाल हुआ। अंत में बृजभूषण हट गए और दोबारा चुनाव हुए।गुरुवार को बृजभूषण सिंह के वफादार संजय सिंह 15 में से 13 पद जीतकर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष चुने गए।

ये भी पढ़ें: Republic Day: फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों होंगे गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि

 साक्षी ने की कुश्ती छोड़ने की घोषणा 

संजय सिंह के चुनाव जीतने के बाद साक्षी मलिक ने विरोध जताते हुए कुश्ती छोड़ने की घोषणा की। साक्षी ने कहा, “हमने दिल से लड़ाई लड़ी, लेकिन अगर बृजभूषण जैसे व्यक्ति, उनके बिजनेस पार्टनर और करीबी सहयोगी को डब्ल्यूएफआई का अध्यक्ष चुना जाता है, तो मैं कुश्ती छोड़ देती हूं। आज से आप मुझे मैट पर नहीं देखेंगे।” उन्होंने नम आखों के साथ अपनी बात कही। अब बजरंग पूनिया ने अपना पुरस्कार लौटाया है।

बजरंग ने फुटपाथ पर रखा पद्मश्री पुरस्कार

सोशल मीडिया पर बजरंग के पद्म श्री पुरस्कार लौटाने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। दरअसल, बजरंग पूनिया को पीएम आवास में नहीं जाने दिए दिया गया। इसके बाद उन्होंने अपना पद्मश्री पुरस्कार वहीं फुटपाथ पर रख दिया। इसमें मेडल के साथ कुछ कागजात भी थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। बजरंग पूनिया को पुलिस ने कर्तव्य पथ पर रोक दिया था। वहां उन्होंने कहा कि- मैं पद्मश्री पुरस्कार उस व्यक्ति को दूंगा जो इसे पीएम मोदी तक लेकर जाएगा। वह बार बार पुलिस वालों को भी बोल रहे थे कि आप इसे पीएम तक पहुंचा दो।