BJP Elections Victory: गंगोत्री से गंगासागर तक खिला कमल…PM मोदी बोले– जनता ने सुशासन पर लगाई मुहर

BJP Elections Victory: पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित हो गए हैं। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और एनडीए की जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है, जबकि तमिलनाडु और केरल में अलग तस्वीर देखने को मिली। तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर करते हुए विजय की टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। वहीं केरलम में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट ने लेफ्ट गठबंधन को 10 साल बाद सत्ता से बाहर कर दिया।

दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में जीत का जश्न मनाया गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पीएम मोदी बंगाली धोती-कुर्ता पहनकर पहुंचे थे। उन्होंने इस जनादेश को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि यह सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, सुशासन और स्थिरता की राजनीति की जीत है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बीजेपी की यह जीत वर्षों की मेहनत, संघर्ष और संगठन की ताकत का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाए रखा।

पीएम मोदी ने ‘गंगोत्री से गंगासागर’ तक बीजेपी के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि गंगा जिन राज्यों से होकर गुजरती है, उन सभी में बीजेपी या एनडीए की सरकारें हैं। उन्होंने इसे जनता के भरोसे और समर्थन का प्रतीक बताया।

असम में बीजेपी की लगातार तीसरी जीत को प्रधानमंत्री ने ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह राज्य में विकास और सुशासन की राजनीति पर जनता की मुहर है। वहीं पुडुचेरी में एनडीए की जीत को उन्होंने ‘बेस्ट पुडुचेरी’ के विजन पर जनता के भरोसे का परिणाम बताया।

Uttarakhand: BJP की ऐतिहासिक जीत पर देहरादून कार्यालय में जश्न, CM धामी ने कार्यकर्ताओं संग खाई झालमुड़ी

प्रधानमंत्री ने चुनाव आयोग और केंद्रीय सुरक्षा बलों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने खासकर पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान को लोकतंत्र की बड़ी जीत बताया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने ‘बदला नहीं, बदलाव’ का संदेश देते हुए कहा कि अब राजनीति में हिंसा और डर की जगह विकास और विश्वास को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए सकारात्मक राजनीति करें।

उन्होंने यह भी कहा कि यह जनादेश देश के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करता है और आने वाले समय में विकास की गति और तेज होगी।