Chamoli: मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचंद्र ने आज जनगणना 2026 के तहत जनपद में संचालित स्वगणना कार्य की समीक्षा की। उन्होंने स्वगणना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को लक्ष्य निर्धारित कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रथम चरण में सभी विभागों के कर्मचारियों की स्वगणना अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने को कहा।

विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने स्वगणना अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि 26 नवंबर तक सभी विभाग अपने-अपने कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों की स्वगणना पूरी कराएं। इसके साथ ही नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाए। कूड़ा वाहनों के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनगणना प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को भी स्वगणना पूर्ण करने के लिए प्रेरित करने को कहा। इसके अलावा जनपद में निवास करने वाले गणमान्य व्यक्तियों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अभियान चलाकर स्वगणना कराने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वगणना अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि निर्धारित समय में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, अर्थ एवं संख्याधिकारी विनय जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जनपद के अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
