Karanprayag: गौचर मेले की जिम्मेदारी निभाने के अगले ही दिन अलकेश नौडियाल ने याक्षी अरोड़ा संग लिए सात फेरे, देवभूमि की परंपरा और सादगी की पेश की मिसाल।

Chamoli: देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के बीच चमोली में दो युवा प्रशासनिक अधिकारी विवाह के बंधन में बंध गए। कर्णप्रयाग के उपजिलाधिकारी (SDM) अलकेश नौडियाल और भिकियासैंण, अल्मोड़ा की SDM याक्षी अरोड़ा ने प्रसिद्ध मां उमा देवी मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की।
इस विवाह की खास बात यह रही कि अलकेश नौडियाल ने पहले सात दिवसीय राजकीय गौचर मेले के अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई और मेले का समापन कराने के अगले ही दिन विवाह रचाया। मां उमा देवी के पावन दरबार में दोनों ने जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया।
मंदिर में सादगी से विवाह की परंपरा को आगे बढ़ाया
चमोली में मंदिर में सादगीपूर्ण विवाह का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले चमोली के जिलाधिकारी रह चुके संदीप तिवारी ने भी गोपेश्वर स्थित प्रसिद्ध गोपीनाथ मंदिर में सादगी से विवाह किया था। अब अलकेश नौडियाल और याक्षी अरोड़ा ने भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाया है।
बिना किसी शाही तामझाम और दिखावे के संपन्न हुआ यह विवाह उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और सादगी की खूबसूरत झलक पेश करता है। साथ ही देवभूमि को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान दिलाने के संदेश को भी मजबूती देता है।
