राष्ट्रपति ने उत्तराखंड स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को दी बधाई, इन खास बातों से जीता दिल

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर राजधानी के पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिरकत की। उन्होंने सबसे पहले प्रदेश के लोगों को राज्य स्थापना की बधाई दी। राज्य के लिए अपनी प्राण देने वाले शहीदों को उन्होंने नमन किया।


राज्य स्थापना दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि अपनी अलग पहचान स्थापित करने और अपने विकास का रास्ता तय करने का उत्तराखंड के निवासियों का सपना आज ही के दिन पूरा हुआ था। कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि नई पहचान के साथ उत्तराखंड के परिश्रमी लोगों ने राज्य के लिए विकास और प्रगति के नित-नूतन शिखरों पर अपने कदम जमाए हैं।

उत्तराखंड आना तीर्थ-यात्रा का पुण्य प्राप्त करने की तरह

राष्ट्रपति ने कहा कि भगवान शिव और भगवान विष्णु के आशीर्वाद-स्वरूप देवालयों से पवित्र उत्तराखंड को ‘देव-भूमि’ कहने की परंपरा वंदनीय है। राष्ट्रपति ने इस दौरान पिछले साल दिसंबर में उत्तराखंड की यात्रा का भी जिक्र किया और कहा, उत्तराखंड में आने का प्रत्येक अवसर तीर्थ-यात्रा का पुण्य प्राप्त करने की तरह होता है।

 ये भी पढ़ेंउत्तराखंड स्थापना दिवस: CM योगी, CM धामी, राज्यपाल ने दी प्रदेशवासियों को बधाई

राष्ट्रपति ने वरिष्ठ आंदोलनकारी रहीं सुशीला बलूनी को किया याद

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तराखंड की अलग पहचान और स्थापना के लिए संघर्ष करने वाली स्वर्गीय सुशीला बलूनी को याद किया। कहा कि इस राज्य के सभी निवासी तो उन्हें याद रखेंगे ही, नारी में संघर्ष की शक्ति के उदाहरण के रूप में उन्हें सभी देशवासी सदैव स्मरण करेंगे। कहा कि सुशीला बलूनी का अदम्य साहस यहां की महिलाओं की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप था। बिशनी देवी शाह ने स्वाधीनता संग्राम के दौरान अपने असाधारण साहस का परिचय दिया था।

ये भी पढ़ेंPM मोदी ने उत्तराखंड स्थापना दिवस की दी बधाई, CM धामी ने जताया आभार

वंदना कटारिया ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन किया

माउंट एवरेस्ट पर हमारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने वाली प्रथम महिला बछेन्द्री पाल और पेड़ों को बचाने के लिए युद्ध-स्तर पर संघर्ष करने वाली गौरा देवी जैसी उत्तराखंड की महिलाओं ने पूरे देश के लिए आदर्श प्रस्तुत किए हैं। हाल ही में उत्तराखंड की बेटी वंदना कटारिया ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसी महिलाओं ने उत्तराखंड की संस्कृति को मजबूत बनाया है।

ये भी पढ़ें: CM धामी ने राज्य आन्दोलनकारी शहीदों को दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति ने की राज्यपाल, सीएम के कामों की तारीफ

बता दें कि उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर देहरादून के पुलिस लाइन में ये खास कार्यक्रम रखा गया था। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति महोदय को उत्तराखंड पुलिस ने सलामी दी, और रंग-बिरंगी झांकियां निकाली गईं और राज्य की शक्ति का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किए गए। इसमें राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे। राष्ट्रपति महोदया ने इस दौरान सीएम धामी और राज्यपाल के कामों की भी जमकर तारीफ की और कहा कि इन दोनों के नेतृत्व में राज्य हर दिन मजबूत हो रहा है।