Rudraprayag: केदारनाथ हैली बुकिंग फ्रॉड पर रुद्रप्रयाग पुलिस का बड़ा एक्शन, 106 फेसबुक पेज हटाए, कई नंबर ब्लॉक

Rudraprayag: केदारनाथ धाम यात्रा शुरू होने से पहले हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी करने वाले अपराधियों पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। ठग फर्जी वेबसाइट, फेसबुक विज्ञापन पेज और इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर श्रद्धालुओं से पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे थे।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर एसपी रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने “साइबर फ्रॉड कॉम्बैट फोर्स” का गठन किया, जिसने सोशल मीडिया, मोबाइल नंबर और बैंक खातों पर व्यापक कार्रवाई की।

सोशल मीडिया पर बड़ी कार्रवाई

पुलिस ने हेलीकॉप्टर बुकिंग से जुड़े 111 संदिग्ध फेसबुक पेज चिन्हित किए, जिनमें से 106 पेज सफलतापूर्वक हटाए गए। इसके अलावा 16 इंस्टाग्राम अकाउंट को भी संदिग्ध गतिविधियों के चलते रिपोर्ट किया गया है।

मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप पर प्रहार

फर्जी बुकिंग में इस्तेमाल हो रहे 110 मोबाइल नंबरों में से 55 नंबर ब्लॉक कर दिए गए हैं, जबकि बाकी नंबरों को ब्लॉक करने की प्रक्रिया जारी है। इन नंबरों की पूरी जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Dehradun: जनता दर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, बुजुर्ग का पानी बिल माफ, मुआवजा और नहर विवाद पर कार्रवाई

बैंक खातों पर वित्तीय कार्रवाई

साइबर ठगों द्वारा उपयोग किए जा रहे 6 बैंक खातों की जांच की गई। इनमें से 1 बैंक खाते को डेबिट फ्रीज किया गया है और बाकी खातों पर कार्रवाई जारी है।

संदिग्ध वेबसाइटों पर निगरानी

हेलीकॉप्टर टिकट दिलाने का दावा करने वाली 22 संदिग्ध वेबसाइटों की पहचान कर डोमेन रजिस्ट्रार को रिपोर्ट भेजी गई है।

पुलिस की अपील

रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ हेलीकॉप्टर टिकट की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही करें

https://www.heliyatra.irctc.co.in/ फेसबुक विज्ञापन, व्हाट्सएप लिंक या किसी अनजान वेबसाइट से बुकिंग करने पर साइबर ठगी का खतरा है। ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें।