Uttarakhand: राज्य स्तरीय समारोह में चमोली जिले के तीन नन्हे बच्चों को उनकी अदम्य बहादुरी के लिए राज्य बाल वीरता पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पोखरी क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाली दिव्या, दीपिका और आरव को सम्मानित किया।

दरअसल, कुछ माह पहले विद्यालय परिसर में खेल रहे बच्चों पर अचानक एक विशालकाय जंगली भालू ने हमला कर दिया था। इस मुश्किल घड़ी में बच्चों ने घबराने के बजाय साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने शोर मचाकर और पत्थर मारकर भालू को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया। साथ ही एक-दूसरे का हाथ पकड़कर अपने साथियों की सुरक्षा की।
इस घटना के दौरान छात्र आरव पुंडीर, देवेश और पंकेश ने भी सूझबूझ और बहादुरी दिखाई। बच्चों के सामूहिक साहस और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और उनके साथियों की जान बच सकी।
बच्चों के इसी अदम्य साहस को देखते हुए उन्हें राज्य बाल वीरता पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल इन बच्चों की बहादुरी का प्रतीक है, बल्कि पूरे प्रदेश के बच्चों के लिए भी प्रेरणा है।
चमोली पुलिस ने भी तीनों बच्चों की बहादुरी पर गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की है।
