Chamoli: विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान के प्रवेश द्वार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। इसके साथ ही इस वर्ष की पर्यटक यात्रा का समापन हो गया है। इस सीजन फूलों की घाटी में पर्यटकों की रिकॉर्ड आमद दर्ज की गई। देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता और रंग-बिरंगे फूलों का दीदार करने पहुंचे।

पार्क प्रशासन की टीम ने घाटी का भ्रमण कर वापस लौटते हुए घांघरिया में फूलों की घाटी का मुख्य प्रवेश द्वार बंद किया। इस वर्ष एक जून से प्रवेश द्वार बंद होने तक कुल 35,261 पर्यटकों ने घाटी का भ्रमण किया। इनमें विदेशी पर्यटकों की संख्या भी रिकॉर्ड स्तर पर रही।
पर्यटकों की इस आमद से फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान प्रशासन को 66 लाख 96 हजार 400 रुपये की आय प्राप्त हुई है। विश्व प्राकृतिक धरोहर के रूप में प्रसिद्ध फूलों की घाटी हर साल देश-विदेश के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है।
वैली ऑफ फ्लावर्स नेशनल पार्क के रेंज ऑफिसर आशीष जिरवाण ने बताया कि शीतकाल में वन्यजीवों और जैव विविधता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्क कर्मियों की ओर से घाटी में लंबी दूरी की गश्त जारी रहेगी। प्रवेश द्वार बंद होने के बाद भी वन्यजीवों और प्राकृतिक संपदा की निगरानी की जाएगी।
फूलों की घाटी एक जून से पर्यटकों के लिए खोली जाती है और 31 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद कर दी जाती है। अब पर्यटकों को अगले पर्यटन सीजन में फिर से इस प्राकृतिक धरोहर के दीदार का इंतजार रहेगा।
