Dehradun: उत्तराखंड क्रांति दल, महानगर, देहरादून द्वारा 25 मार्च 2026 को जिला अधिकारी कार्यालय में एक प्रदर्शन आयोजित किया गया था। इस प्रदर्शन के दौरान, जिलाअधिकारी कार्यालय के सुरक्षा अधिकारी द्वारा दल के कार्यकर्ताओं के विरुद्ध एक झूठी एफआईआर दर्ज की गई है। इस संबंध में, केंद्रीय महामंत्री राजेश्वरी रावत ने जिलाधिकारी कार्यालय के सुरक्षा अधिकारी के खिलाफ कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल शांतिपूर्ण तरीके से अपना ज्ञापन प्रस्तुत करने गए थे, लेकिन जिला अधिकारी कार्यालय में तैनात सुरक्षा अधिकारी ने गेट बंद कर दिया और कार्यकर्ताओं से धक्का-मुक्की की। जबकि जिले की सूचना इकाई ने ज्ञापन शांतिपूर्ण रूप से देने की जानकारी पहले ही दी थी, और महानगर द्वारा भी सूचना प्रेषित की गई थी। महानगर अध्यक्ष प्रबीन चन्द रमोला ने जिलाधिकारी देहरादून को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने कहा कि यदि उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो दल इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को दमनात्मक कार्रवाई से बचना चाहिए। यदि इस संवेदनशील मुद्दे पर जिला प्रशासन सकारात्मक रुख नहीं अपनाता, तो हम विरोध में व्यापक आंदोलन करेंगे।
